जुगसलाई की जर्जर पानी टंकियों पर एक्शन, विधायक मंगल कालिंदी की पहल पर मंत्री ने दिए जांच के आदेश

Spread the love

राँची/जुगसलाई: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में जर्जर हो चुकी पानी टंकियों का मामला अब सरकार के संज्ञान में आ गया है। जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने इस गंभीर मुद्दे को विधानसभा में उठाते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद से मुलाकात की।


विधायक ने मंत्री को जानकारी दी कि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में स्थित पाँच पानी टंकियों में से चार टंकियाँ पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं, जिसके कारण कई वार्डों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है। हाल ही में एक पानी टंकी का ऊपरी हिस्सा टूट जाने से वहां जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।


उन्होंने यह भी बताया कि अन्य टंकियों के पिलरों में दरारें आ चुकी हैं, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लगभग एक दशक पहले निर्मित इन टंकियों की ऐसी स्थिति को उन्होंने “आश्चर्यजनक और दुर्भाग्यपूर्ण” बताया।


मंगल कालिंदी ने मंत्री से आग्रह किया कि इन घटिया निर्माण कार्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और साथ ही जर्जर टंकियों की मरम्मत या नई टंकियों के निर्माण का आदेश दिया जाए।


विधायक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।


इस कदम से जुगसलाई क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply