एक दिन की बारिश ने खोली सिस्टम की पोल, भूसुर पुल पर बहा पानी

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के वार्ड-49 अंतर्गत डोरंडा स्थित भूसुर पुल पर एक दिन की बारिश ने वर्षों पुरानी समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया। बारिश के बाद पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
डोरंडा मनीटोला को रांची एयरपोर्ट से जोड़ने वाला भूसुर पुल एयरपोर्ट के महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग के साथ-साथ आसपास के इलाकों के लिए मुख्य आवागमन का रास्ता भी है। पुल पर पानी बहने के कारण इस मार्ग से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति देखने को मिलती है। बारिश के दौरान पुल जलमग्न हो जाता है और ऊपर से पानी बहने लगता है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।


स्थिति का जायजा लेने वार्ड-49 की पार्षद जमीला खातून मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि पुल के ऊपर इस तरह पानी का बहना बेहद खतरनाक है और कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है।


पार्षद के अनुसार, बारिश से पहले ही नए पुल के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार किया जा चुका है। अब जरूरत है कि संबंधित स्तर से जल्द स्वीकृति देकर नए पुल का निर्माण शुरू कराया जाए।


स्थानीय लोगों की मांग है कि समस्या का स्थायी समाधान जल्द किया जाए, ताकि बारिश के दौरान आवागमन बाधित न हो और क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम रास्ता मिल सके।

फिलहाल सवाल यही है कि हर साल सामने आने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान आखिर कब होगा?

Leave a Reply