रांची में इस वर्ष सबसे भव्य और विशाल रामनवमी महोत्सव की तैयारी

Spread the love

रांची | रांची में इस वर्ष रामनवमी महोत्सव को लेकर उत्साह चरम पर है। श्री महावीर मंडल रांची महानगर द्वारा रविवार को चैंबर भवन में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में इस बार रामनवमी को सबसे विशाल और भव्य रूप में मनाने का संकल्प लिया गया।


बैठक में पूरे रांची जिले से आए महावीर मंडल, अखाड़ों एवं श्रृंगार समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान कुल 185 मंडल और अखाड़ों को अंगवस्त्र, तलवार एवं महावीरी झंडा भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री महावीर मंडल के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय तिलक राज अजमानी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।


इस अवसर पर विधायक सी.पी. सिंह ने सभी रामभक्तों से अपील करते हुए कहा कि वे रामनवमी शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और इस पर्व को ऐतिहासिक बनाएं।
महावीर मंडल रांची महानगर के अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि जिन अखाड़ाधारियों को शोभायात्रा या झांकी निकालने में किसी प्रकार की समस्या हो रही हो, वे महानगर के पदाधिकारियों से संपर्क करें, उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।


महामंत्री मुनचुन राय ने बताया कि इस वर्ष रामनवमी को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, प्रवक्ता बादल सिंह ने कहा कि रांची के रामभक्तों का उत्साह देखते हुए आने वाले समय में यहां की रामनवमी देश की सबसे बड़ी और भव्य रामनवमी के रूप में स्थापित होगी।


बैठक में कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें संरक्षक पवन बजाज, शेखर शरण, प्रेम वर्मा, अमरिंदर सिन्हा पप्पू, अजय बथवाल, रमेश बाली, शिव गुप्ता, अशोक चौधरी सहित अन्य प्रमुख लोग शामिल थे।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. दिलीप सोनी, सह-संयोजक श्यामानंद पांडे, उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, धीरज तनेजा, प्रकाश ढालिया, मनीष सराफ, रोहित अग्रवाल, बजरंग वर्मा, राजीव चटर्जी, राजेश्वर राजन, अमित सिंह, प्रवीण लोहिया, शंभू प्रसाद एवं ललित चौधरी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा मीडिया, प्रचार-प्रसार एवं आयोजन समिति के सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर इस वर्ष की रामनवमी को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

अंत में श्री महावीर मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि यह पर्व केवल आस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक है, जिसे पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया जाएगा।

Leave a Reply