टोटेमिक कुड़मी/कुरमी (महतो) समाज की प्रेस वार्ता होटल गंगा रेसिडेंसी रांची में संपन्न हुई। प्रेस-वार्ता में संबोधित करते हुए टोटेमिक कुड़मी/कुरमी (महतो)समाज के संयोजक शीतल ओहदार ने कहा कि टोटेमिक कुड़मी/कुरमी महतो जनजाति को अनुसूचित जनजाति की सूची में सूचीबद्ध करने और कुड़माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर आगामी 25 फरवरी 2024( रविवार) को रांची के मोरहाबादी मैदान में होने वाली कुड़मी हुंकार महारैली की तैयारी पूरी कर ली गई है।

महारैली में झारखण्ड के विभिन्न जिलों से 5 लाख की संख्या में कुड़मी समाज के लोग अपने पारंपरिक वेशभूषा, पारंपरिक नाच-गाना छऊ नाच, झुमर नाच, पता नाच,नटुवा नाच,घोड़ा नाच एवं गाजे -बाजे के साथ शामिल होंगे,महारैली को सफल बनाने हेतु 5000 वालंटियर भी तैनात रहेंगे, जो प्रशासन को सहयोग करेंगे, कहा कि कुडमी समाज ने महारैली को सफल बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दिया है। महारैली को सफल बनाने के लिए गांव-गांव में जन संपर्क चलाने के बाद व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है।उन्होंने कहा की कुडमी हुंकार महारैली ऐतिहासिक होगी और आने वाले दिनों में राज्य की दशा और दिशा तय करेगी! कुरमी विकास परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष रंधीर चौधरी ने बताया कि कुडमी समाज एक लंबे अरसे के बाद न सिर्फ गोलबंद हुआ है बल्कि रविवार को अपनी शक्ति का प्रदर्शन भी करेगा, इस महारैली के आयोजन से जहां सामाजिक एकता को मजबूत करेंगे वहीं अपनी मांगों को मानने के लिए सरकार पर जन दबाव डालेंगे ! प्रेस- वार्ता में केंद्रीय प्रधान महासचिव रामपोदो महतो, केंद्रीय मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश महतो,केंद्रीय महासचिव कपिलदेव महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष हेमलाल महतो, केंद्रीय कोषाध्यक्ष सखिचन्द महतो, रांची जिला अध्यक्ष सोनालाल महतो आदि उपस्थित थे।
