रांची में सरहुल पूजा महोत्सव की तैयारी तेज, 21 मार्च को निकलेगी भव्य सरहुल शोभा यात्रा

Spread the love

रांची: केंद्रीय सरना समिति द्वारा सरहुल पूजा महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक केंद्रीय सरना समिति के केंद्रीय कार्यालय, 13 आरआईटी बिल्डिंग कचहरी परिसर रांची में हुई, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने की।


बैठक में सरहुल पूजा को शांतिपूर्ण, भव्य और आकर्षक बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने बताया कि इस वर्ष 20 मार्च 2026 को उपवास रखा जाएगा तथा नदी और तालाब में पारंपरिक रूप से मछली का कड़ा पकड़ा जाएगा। इसके साथ ही संध्या समय पहान द्वारा जल रखाई पूजा की जाएगी।


उन्होंने आगे बताया कि 21 मार्च 2026 को घड़े में पानी देखकर मौसम की पारंपरिक भविष्यवाणी की जाएगी। इसके बाद पहान द्वारा सरना स्थल में रूढ़िवादी परंपरा के अनुसार सरना पूजा संपन्न होगी। पूजा के बाद दोपहर 1 बजे से भव्य सरहुल शोभा यात्रा निकाली जाएगी।


केंद्रीय सरना समिति के प्रवक्ता एंजेल लकड़ा ने कहा कि शोभा यात्रा में महिलाएं पारंपरिक लाल पाड़ साड़ी और पुरुष धोती-गांधी पहनकर शामिल हों। साथ ही शोभा यात्रा में पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल, नगाड़ा और मांदर का उपयोग किया जाए तथा डीजे साउंड का प्रयोग न किया जाए।


बैठक के दौरान लक्ष्मी मुंडा ने सरकार से मांग की कि ट्राइबल सब प्लान की राशि आदिवासी पर्व-त्योहारों के आयोजन में खर्च की जाए। उन्होंने कहा कि हर गांव में ढोल-नगाड़ा, मांदर और लाल पाड़ साड़ी का वितरण किया जाए ताकि सभी लोग हर्षोल्लास के साथ सरहुल पर्व मना सकें।


बैठक में महासचिव संजय तिर्की, उपाध्यक्ष प्रमोद एक्का, नंदा उरांव, नीरा टोप्पो, सुखवरो उरांव, सपना गाड़ी, लक्ष्मी मुंडा, सोहन कच्छप समेत कई सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply