कांग्रेस प्रत्याशी रमा खलखो का जनसंपर्क अभियान तेज, कई वार्डों में लोगों से मांगा समर्थन

Spread the love

रांची: रांची नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी रमा खलखो का जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। उन्होंने शहर के विभिन्न वार्डों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित किया और स्थानीय समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।


इसी क्रम में कांके क्षेत्र में वार्ड 1 से वार्ड 10 तक स्थानीय विधायक सुरेश बैठा के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आदिवासी और ग्रामीण समुदाय के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और व्यापारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर शहजादा अनवर, बेलस तिर्की सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि इस प्रकार की बैठकें स्थानीय स्तर पर जनसमर्थन मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी।


बैठकों के बाद रमा खलखो ने वार्ड 29 के पहाड़ी टोला क्षेत्र में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना, जिनमें जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और रोजगार प्रमुख मुद्दे रहे। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि चुने जाने पर इन समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।


इसके बाद उन्होंने वार्ड 18 और 20 में श्रद्धानंद रोड और चैती दुर्गा मंदिर के आसपास पदयात्रा कर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से मिलकर ट्रैफिक व्यवस्था, बाजार विकास और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर चर्चा की तथा शहर के समग्र विकास और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प दोहराया।


रमा खलखो ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि आगामी 23 फरवरी को क्रम संख्या 5, चुनाव चिन्ह “बेंच छाप” पर मुहर लगाकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि वे शहर के लोगों की बुनियादी समस्याओं का समाधान कर सकें और रांची के समग्र विकास के लिए कार्य कर सकें।

Leave a Reply