राहुल गांधी चाईबासा MP-MLA कोर्ट में हुए हाजिर, मिली बेल

Spread the love

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी बुधवार को चाईबासा सिविल कोर्ट स्थित एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में उपस्थित हुए. उन्होंने सुप्रिया रानी तिग्गा की कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी. कोर्ट ने राहुल गांधी को ट्रायल में सहयोग करने की शर्त पर जमानत दी है. राहुल गांधी की ओर से अधिवक्ता प्रदीप चंद्रा और दीपांकर रॉय ने कोर्ट के समक्ष पक्ष रखा।

वर्ष 2018 के एक मानहानि मामले में पेश होने के लिए कांग्रेस नेता और लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी चाईबासा स्थित एमपी/एमएलए विशेष अदालत पहुंचे। इससे पहले राहुल गांधी हेलीकॉप्टर से चाईबासा पहुंचे थे और परिसदन में कुछ देर ठहरने के बाद निर्धारित समय पर अदालत रवाना हुए। इधर, मामले के शिकायतकर्ता भाजपा नेता प्रताप कटियार भी कोर्ट पहुंच चुके हैं, जहां सुनवाई के दौरान दोनों पक्ष मौजूद रहेंगे। कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ हर आने-जाने वालों पर निगरानी रखी जा रही है।

गौरतलब है कि यह मामला राहुल गांधी द्वारा 2018 में एक कांग्रेस कार्यक्रम में भाजपा पर की गई टिप्पणी से जुड़ा है, जिसे लेकर प्रताप कटियार ने चाईबासा सीजीएम कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था।

Leave a Reply