
राँची, 11 जून 2026: भारी वर्षा के दौरान राँची शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पेड़ एवं पेड़ों की डालियाँ गिरने की सूचना प्राप्त होने पर राँची नगर निगम की क्विक रिस्पांस टीम ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। टीम ने प्रभावित स्थलों पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ों और डालियों को हटाया तथा अवरुद्ध मार्गों को जल्द से जल्द सामान्य किया।

नगर निगम को राजेंद्र चौक, कचहरी, अशोक नगर, सेंट जॉन्स स्कूल के निकट, मेकॉन, कडरू समेत कुल 14 स्थानों से पेड़ गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। सभी स्थलों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्गों को अवरोधमुक्त बनाया गया, जिससे आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
राँची नगर निगम ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम लगातार सक्रिय है। निगम का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



