
4 जनवरी 2026 को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अर्पित फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित प्राइड मोमेंट्स सम्मान समारोह में रांची निवासी सहायक कमांडेंट शिवम कुमार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सम्मानित किया गया।
इस गरिमामय समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पीठाधीश्वर आचार्य कैलाशानंद जी महाराज, उप महानिरीक्षक डी. एन. भोंबे (SSB) एवं उप महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
वर्तमान में काउंटर-इंसर्जेंसी एंड जंगल वॉरफेयर (CI&JW) स्कूल, सशस्त्र सीमा बल, ग्वालदम में पदस्थापित सहायक कमांडेंट शिवम कुमार को यह सम्मान उत्तराखंड में पिछले दो वर्षों के दौरान एक कुशल, अनुशासित और प्रभावशाली प्रशिक्षक के रूप में दी गई उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किया गया।
वे CI&JW स्कूल में कमांडो एवं विस्फोटक निष्क्रियता (Bomb Disposal) प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं और कई महत्वपूर्ण प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर चुके हैं। उनके प्रशिक्षण से सैकड़ों जवानों को कठिन और विशेष परिस्थितियों से निपटने की दक्षता प्राप्त हुई है।
गौरतलब है कि सहायक कमांडेंट शिवम कुमार को उनकी वीरता, साहस और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पूर्व में भी कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें भारत के राष्ट्रपति द्वारा वीरता पदक तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा साहसिक कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।
इसके अलावा 22 नवंबर 2025 को झारखंड विधान सभा स्थापना दिवस (रजत जयंती) समारोह में भी उन्हें राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया गया था।
सहायक कमांडेंट शिवम कुमार, श्री मिथिलेश कुमार मिश्र (सेवानिवृत्त संयुक्त सचिव, झारखंड विधान सभा) के पुत्र हैं। श्री मिश्र वर्तमान में कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी, रांची में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।
यह सम्मान न केवल सहायक कमांडेंट शिवम कुमार की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह झारखंड के युवाओं के लिए साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति की एक सशक्त प्रेरणा भी है।