
रांची | Hemant Soren से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में श्री राम जानकी तपोवन मंदिर नवनिर्माण समिति के सदस्यों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान समिति ने मंदिर के चल रहे नवनिर्माण कार्य की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और उन्हें स्थल निरीक्षण के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान तपोवन मंदिर के निर्माण से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तपोवन मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि रांची की एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर भी है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मंदिर के रिनोवेशन और ब्यूटीफिकेशन कार्य में सरकार पूरा सहयोग देगी। उन्होंने निर्देश दिया कि मंदिर को भव्य और आकर्षक बनाया जाए, साथ ही श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि तपोवन मंदिर को इस तरह विकसित किया जाए कि यह देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सके।
समिति की ओर से जानकारी दी गई कि मंदिर का नवनिर्माण कार्य वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है। फिलहाल फाउंडेशन का काम पूरा हो चुका है। मंदिर का निर्माण अयोध्या राम मंदिर के आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा के निर्देशन में किया जा रहा है।

बैठक में मंदिर के महंत ओमप्रकाश, सचिव प्रणय कुमार, सदस्य प्रवीण कुमार वर्मा, अयोध्या दास सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।