सरहुल शोभायात्रा 2026: शांति और भव्यता के साथ संपन्न

Spread the love

रांची | केंद्रीय सरना समिति की केंद्रीय अध्यक्ष श्री फूलचंद तिर्की ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए सरहुल शोभायात्रा के शांतिपूर्ण एवं भव्य आयोजन पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न गांव-टोला से आए श्रद्धालुओं, सरहुल पूजा समितियों, सामाजिक संगठनों एवं जिला प्रशासन का आभार प्रकट किया।


उन्होंने कहा कि इस वर्ष की सरहुल शोभायात्रा पारंपरिक उत्साह, सांस्कृतिक एकता और अनुशासन का अद्भुत उदाहरण रही। हजारों की संख्या में लोग पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप के साथ इस यात्रा में शामिल हुए, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव का माहौल बना रहा।
श्री तिर्की ने विशेष रूप से उन सामाजिक संगठनों की सराहना की, जिन्होंने जगह-जगह स्वागत शिविर लगाकर शोभायात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। इन शिविरों में चना, गुड़, पानी, शरबत आदि का वितरण कर श्रद्धालुओं को सहयोग प्रदान किया गया।


आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस आयोजन की सफलता में महावीर मंडल बड़ागाई, आदिवासी अभियंता संघ, बाबा स्मारक समिति, महावीर मंडल रांची महानगर, पंजाबी हिंदू बिरादरी, आदिवासी छात्र संघ, आदिवासी जन परिषद, चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति, जावा पुन एजुकेशनल एंड वेलफेयर फाउंडेशन, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद, बिरसा यूथ ऑर्गेनाइजेशन, शंकर हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन सहित कई अन्य संगठनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


अंत में उन्होंने सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों और प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरहुल पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है, जिसे हम सभी को मिलकर आगे बढ़ाना है।

Leave a Reply