राजभाषा माह महोत्सव में सरला बिरला पब्लिक स्कूल का परचम लहराया

Spread the love

सीसीएल द्वारा आयोजित राजभाषा माह – 2025 के अंतर्गत हिंदी महोत्सव का आयोजन सीसीएल गांधीनगर परिसर में किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के बीच कविता वाचन, एकल अभिनय, प्रश्नोत्तरी, आशु भाषण तथा अन्य भाषाई प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। रांची शहर के लगभग 20 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक और प्रेरणादायक बन गया।
इस आयोजन का उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ विद्यार्थियों में सृजनात्मकता और भाषाई कौशल का विकास करना था।

इस अवसर पर सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कक्षा दसवीं के प्रिंस व्यास ने अपने प्रभावशाली एकल अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा नवीं की सचिता त्रिपाठी ने कवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की प्रसिद्ध कविता ‘राम की शक्ति पूजा’ का भावपूर्ण वाचन कर द्वितीय स्थान अर्जित किया।
विजेताओं को ट्रॉफी और उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि “हमारे विद्यार्थियों ने न केवल विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है, बल्कि यह भी सिद्ध किया है कि हिंदी भाषा अभिव्यक्ति, भावना और संस्कारों की जीवंत धारा है।” उन्होंने आगे कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और शिक्षकों के स्नेहमय मार्गदर्शन का सुंदर परिणाम है।

Leave a Reply