
गढ़वा: जिले के मेराल थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय यूट्यूबर विधायक प्रजापति ने बुधवार रात अपने ही घर में स्थित स्टूडियो में आग लगा दी। इस घटना में पूरे परिवार की जान बाल-बाल बच गई, लेकिन घर और स्टूडियो को भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 10 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जलकर खाक हो गई है।
बताया जा रहा है कि विधायक प्रजापति का घर के पास ही एक स्टूडियो था, जहां फिल्म एडिटिंग और वीडियो निर्माण का काम किया जाता था। पड़ोसी और गोंडा के पूर्व मुखिया प्रकाश कुमार अरुण के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से उनकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी। बुधवार रात करीब 10 बजे उन्होंने स्टूडियो का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और आग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मेराल थाना प्रभारी विष्णु कांत अपनी टीम के साथ तुरंत कार्रवाई में जुट गए। घर के अंदर से आग की लपटें और परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। दरवाजा नहीं खुलने की स्थिति में पुलिस और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बगल की दीवार तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और पानी डालकर आग पर काबू पाया।
इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, आग की वजह से घर का बड़ा हिस्सा और पूरा स्टूडियो जलकर नष्ट हो गया। बाद में दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।