ACS के नाम पर चंदा वसूली व फर्जी गतिविधियों पर केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उराँव की सख्त चेतावनी ।

Spread the love

आदिवासी छात्र संघ (ए.सी.एस.) के केंद्रीय अध्यक्ष श्री सुशील उराँव ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए गंभीर चिंता जताई कि बीते कुछ समय से कुछ असंवैधानिक और गैर-मान्यता प्राप्त व्यक्ति व समूह संगठन के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं। इन व्यक्तियों द्वारा चंदा वसूली, अवैध तरीकों से नामांकन के नाम पर धन की उगाही और झूठे कार्यक्रमों के आयोजन जैसी गतिविधियाँ सामने आई हैं।

उन्होंने सख्त लहजे में कहा:
“ऐसे सभी लोग जो ए.सी.एस. का नाम निजी स्वार्थ, आर्थिक लाभ या राजनीतिक मकसद से उपयोग कर रहे हैं, वे तत्काल चेत जाएं। यह संगठन किसी भी प्रकार की उगाही या गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि समय रहते ऐसे तत्व नहीं रुके, तो उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

केंद्रीय बैठक में लिया गया निर्णय।
केंद्रीय कार्यालय, करमटोली में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ए.सी.एस. के नाम का दुरुपयोग कर चंदा वसूलने, फर्जी नामांकन के बहाने पैसे लेने और भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति
इस बैठक में रांची विश्वविद्यालय अध्यक्ष मनोज उराँव, डीएसपीएमयू अध्यक्ष विवेक तिर्की सहित अन्य संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

राँची विश्वविद्यालय अध्यक्ष मनोज उराँव ने मौके पर कहा:
“ए.सी.एस. केवल एक संगठन नहीं, यह आदिवासी समाज की चेतना और संघर्ष की पहचान है। इसके नाम पर गलत गतिविधियाँ न सिर्फ संगठन के प्रति अपराध हैं, बल्कि पूरे आदिवासी समुदाय की प्रतिष्ठा पर हमला हैं। हम सबको मिलकर ऐसे लोगों को बेनकाब करना होगा।”

इसी मौके पर खिजरी विधानसभा के नामकुम प्रखंड क्षेत्र से आए लगभग 45 युवाओं ने ए.सी.एस. की सदस्यता ग्रहण की, जो संगठन की बढ़ती स्वीकार्यता और जनविश्वास का प्रतीक है।

केंद्रीय अध्यक्ष की अपील
सुशील उराँव ने सभी छात्रों, युवाओं व सामाजिक साथियों से अपील की।

“कोई भी सूचना, बैनर, पोस्टर या वक्तव्य तब तक साझा न करें जब तक वह संगठन के केंद्रीय नेतृत्व या अधिकृत माध्यम से जारी न हो। यदि कोई व्यक्ति ए.सी.एस. के नाम पर पैसे माँगे, तो तत्काल संगठन को सूचित करें।”

“ए.सी.एस. की पहचान पवित्र है और इसका दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह संगठन समाज के संघर्ष और उम्मीद का प्रतीक है — इसे कमजोर करने की कोशिशों का डटकर विरोध किया जाएगा।” मौके पर रांची जिला अध्यक्ष राजू उराँव, रांची कॉलेज (DSPMU) अध्यक्ष विवेक तिर्की, निशांत तिर्की ,अनिकेत तिर्की ,विष्णु कुमार,आदित्य केरकेट्टा ,अभय तिर्की,परियांशु कुमार,गौतम धान ,बिपिन मुंडा,कुनाल महतो,अजय गाड़ी,रोशन नायक,अभय नायक,प्रदीप लोहरा,राज नायक आदि मौजूद रहे

Leave a Reply