
रांची | शिक्षा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची के होनहार विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। सिल्वर जोन फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में विद्यालय के छात्रों ने वैश्विक स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त कर विद्यालय, राज्य और देश का नाम रोशन किया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में कक्षा द्वितीय के छात्र वीर कुमार वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय अंग्रेजी भाषा ओलंपियाड (IOEL) 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटरनेशनल रैंक 1, जोनल रैंक 1 और क्लास रैंक 1 हासिल किया। इस उत्कृष्ट सफलता के लिए उन्हें “मेडल ऑफ अचीवमेंट” से भी सम्मानित किया गया। उनकी यह उपलब्धि उनकी असाधारण भाषाई दक्षता और बौद्धिक क्षमता को दर्शाती है।
वहीं, कक्षा द्वितीय के ही छात्र सर्वज्ञ यादव ने अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड (IOM) 2025-26 में भी इंटरनेशनल रैंक 1, जोनल रैंक 1 और क्लास रैंक 1 प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उन्हें भी “मेडल ऑफ अचीवमेंट” से नवाजा गया। उनकी सफलता उनकी गहरी विश्लेषणात्मक सोच और गणितीय प्रतिभा का प्रमाण है।
छात्रों की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर अभिभावकों ने गर्व और खुशी व्यक्त करते हुए इस सफलता का उत्सव मनाया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी वैश्विक उपलब्धियाँ न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक हैं, बल्कि विद्यार्थियों के दृढ़ संकल्प, मेहनत और उत्कृष्टता की भावना को भी दर्शाती हैं, जो उन्हें भविष्य में और ऊँचाइयों तक ले जाएंगी।
