
रांची। रांची नगर निगम चुनाव 2026 के मद्देनज़र मेयर पद की प्रत्याशी सुजाता कच्छप का जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। शहर के विभिन्न वार्डों में वे बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, महिलाओं, पुरुषों और युवाओं के साथ लगातार बैठकें कर रहीं हैं और रांची के समग्र विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को साझा कर रही हैं।

इस दौरान सुजाता कच्छप ने कहा कि उन्होंने तीन कार्यकाल तक वार्ड पार्षद के रूप में लगभग 15 वर्षों तक अपने वार्ड में विकास कार्य कर एक मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से अब वे पूरे रांची नगर निगम के सभी 53 वार्डों को सुसज्जित, स्वच्छ और विकसित बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने बताया कि जनसंपर्क के दौरान उन्हें शहरवासियों का अपार समर्थन और स्नेह मिल रहा है, जिससे उनका हौसला और भी मजबूत हुआ है। खासकर महिलाओं ने बड़ी संख्या में आगे आकर उन्हें अपना समर्थन दिया और रांची के विकास के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।

सुजाता कच्छप ने कहा कि उनका लक्ष्य रांची को एक बेहतर, व्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण शहर बनाना है, जहां हर वर्ग के लोगों को समान रूप से विकास का लाभ मिल सके। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का यह समर्थन उन्हें रांची के समग्र विकास के लक्ष्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।