
दावोस/रांची। विश्व आर्थिक मंच (WEF) के दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से स्वीडन-इंडिया बिज़नेस काउंसिल की चीफ इंडिया रिप्रेज़ेंटेटिव सेसिलिया ओल्डने ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर झारखण्ड और स्वीडन के बीच व्यापारिक सहयोग को और अधिक सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस बैठक में झारखण्ड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष सह विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन तथा राज्य का आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित रहा।

चर्चा के दौरान औद्योगिक निवेश, अर्बन मोबिलिटी और भविष्य की साझेदारियों पर विशेष जोर दिया गया।
सेसिलिया ओल्डने ने बताया कि वर्तमान में 50 से अधिक स्वीडिश कंपनियां भारत में सक्रिय हैं और आने वाले समय में झारखण्ड इन कंपनियों के लिए एक उभरता हुआ निवेश गंतव्य बन सकता है। उन्होंने झारखण्ड में निवेश बढ़ाने के लिए स्वीडन-इंडिया बिज़नेस काउंसिल की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान यह भी सहमति बनी कि मुख्यमंत्री के पिछले वर्ष के स्वीडन दौरे के दौरान Volvo समेत अन्य स्वीडिश कंपनियों के साथ हुई वार्ताओं को आगे बढ़ाने के लिए आगामी अप्रैल माह में एक विशेष राउंडटेबल बैठक आयोजित की जाएगी। इस राउंडटेबल में अर्बन मोबिलिटी, विशेष रूप से शहरी परिवहन के फाइनेंसिंग मॉडल पर चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखण्ड सरकार द्वारा हर वर्ष लाखों सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को साइकिलें उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे बच्चों की शिक्षा में निरंतरता बनी रहे। उन्होंने स्वीडन-इंडिया बिज़नेस काउंसिल से अपील की कि राज्य में साइकिल उपयोग और विद्यालयी बच्चों के लिए ई-साइकिल की संभावनाओं पर एक फ़ीज़िबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि ई-साइकिलों को बच्चों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
