
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को राजधानी रांची में शारदीय नवरात्र के शुभ अवसर पर दो प्रमुख पूजा पंडालों का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने आर०आर० स्पोर्टिंग क्लब, रातु रोड एवं पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति हरमू स्थित दुर्गा पूजा पंडाल का विधिवत् अनावरण किया।
मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा के दरबार में शीश नवाकर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, प्रगति एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, “हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर है। रिमझिम बारिश के बीच भक्तजन उमंग और श्रद्धा के साथ दशहरे का यह पावन त्यौहार मना रहे हैं। मैं झारखंडवासियों और पूजा समितियों के सदस्यों को दुर्गोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे और राज्य निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़े।”
पूजा पंडाल उद्घाटन के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।


