सत्ता ने रोका रास्ता, जनता ने बनाया इरादा — खुमताई से उठी हुंकार

Spread the love

असम के खुमताई, नहरकटिया एवं मार्गेरीटा विधानसभा क्षेत्रों में आज झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की धर्मपत्नी और झामुमो की स्टार प्रचारक विधायक कल्पना सोरेन का जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम निर्धारित था।
हालांकि, प्रशासन द्वारा हेलीपैड की स्वीकृति नहीं दिए जाने के कारण वह खुमताई और नहरकटिया में प्रत्यक्ष रूप से नहीं पहुंच सकीं।


इसके बावजूद, कल्पना सोरेन ने सड़क मार्ग से मार्गेरीटा की ओर जाते हुए फोन के माध्यम से खुमताई और नहरकटिया की जनता को संबोधित किया और अपना संदेश पहुंचाया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि असम में जो लड़ाई लड़ी जा रही है, उसमें इस तरह की बाधाओं की आशंका पहले से थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग उनकी आवाज़ को रोकने और जनता तक संदेश पहुंचने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।


कल्पना सोरेन ने कहा कि
“रास्ते रोके जा सकते हैं, लेकिन जनता का आक्रोश नहीं रोका जा सकता। हेलीकॉप्टर रोका जा सकता है, लेकिन जनता के इरादों को नहीं।”


उन्होंने आगे कहा कि असम की जनता अब जागरूक हो चुकी है और हर अन्याय का जवाब देने के लिए तैयार है।
उन्होंने खुमताई, नहरकटिया और चाय बागानों के मजदूरों, आदिवासी समाज, अल्पसंख्यक समुदाय, युवाओं और महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि इस बार जवाब भाषण से नहीं, बल्कि वोट की ताकत से दिया जाएगा।

उन्होंने 9 अप्रैल को भारी संख्या में मतदान करने और झामुमो के चुनाव चिन्ह ‘तीर-धनु’ पर बटन दबाने का आह्वान किया।
कल्पना सोरेन ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बल्कि सम्मान, पहचान, अधिकार और हिस्सेदारी की लड़ाई है।

Leave a Reply