झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन ने निकली जोरदार रैली और नगर निगम प्रशासक को हड़ताल का नोटिस सौंपा।

Spread the love

राँची नगर निगम के दैनिक मजदूरों एवं स्वच्छता कॉरपोरेशन के ड्राइवरों, खलासियों ने राँची में जोरदार रैली निकाली और नगर निगम प्रशासक को हड़ताल का नोटिस सौंपा। बड़ी संख्या में निगमकर्मी “इंकलाब जिंदाबाद – सभी निगमकर्मी एक हो” के नारों के साथ मार्च करते हुए नगर निगम पहुँचे।



यूनियन ने याद दिलाया कि दिनांक 16 अप्रैल 2025 को ही निगम कर्मियों का मांगपत्र श्रमायुक्त को सौंपा जा चुका था। तत्पश्चात 5 जुलाई को हुई वार्ता में निगम की ओर से केवल सहायक प्रशासक आए और उन्होंने कहा कि निर्णय प्रशासक ही ले सकते हैं। 23 जुलाई को उप श्रमायुक्त ने आयुक्त को पत्र लिखकर अगली बैठक के लिए समय माँगा, लेकिन अब तक कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई। निगम प्रबंधन द्वारा टालमटोल और उदासीन रवैये से कर्मियों में गहरा आक्रोश है।

यूनियन ने स्पष्ट कहा कि यदि निगम प्रबंधन अब भी ठोस कदम नहीं उठाता है तो 10 सितम्बर 2025 को नगर निगम के सभी दैनिक मजदूर एवं स्वच्छता कॉरपोरेशन के ड्राइवर, खलासी हड़ताल पर जाएंगे।



मुख्य माँगें :-

10 वर्ष से अधिक सेवारत कर्मियों का स्थायीकरण

वर्ष 2023-24 का बकाया बोनस भुगतान

अर्जित, आकस्मिक, राष्ट्रीय व मातृत्व अवकाश लागू करना

अकुशल श्रेणी को कुशल श्रेणी में परिवर्तित करना

निकाले गए कर्मियों की पुनः बहाली

मृतक आश्रितों की नियुक्ति

A-2-Z मजदूरों का 2013 का बकाया वेतन भुगतान

1 अप्रैल 2025 से वेतन वृद्धि कर एरियर सहित भुगतान

सभी कर्मियों को निगम का पहचान पत्र निर्गत करना

सभा को संबोधित करते हुए यूनियन नेतृत्व ने कहा कि “हमारी माँगें झारखंड दुकानदार एवं वाणिज्य प्रतिष्ठान अधिनियम और न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के तहत बाध्यकारी हैं। निगम प्रबंधन को मजदूरों की आवाज सुननी ही होगी।” यूनियन ने श्रमायुक्त से पुनः आग्रह किया कि तत्काल उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर इस मसले का समाधान सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम को सीटू के अखिल भारतीय महासचिव तपन सेन, सीटू झारखण्ड के कार्यकारी अध्यक्ष भवन सिंह, एस के राय, हरेंद्र यादव, निवर्तमान पार्षद पुष्पा तिर्की ने संबोधित किया।

जुलूस का नेतृत्व पूनम कुजूर, सरस्वती टोप्पो, संजीदा, मधु, पूनम देवी, चिंता देवी, अशोक लोहरा, भीम कच्छप, गंगिया टोप्पो ने किया।

मांगपत्र पर तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल नगर निगम के उप–प्रशासक गौतम प्रसाद साहू से मिला जिसमें सीटू के रांची जिला सचिव प्रतीक मिश्रा, झारखण्ड नगर निकाय मजदूर यूनियन के महासचिव प्रकाश टोप्पो एवं ज्योति केरकेट्टा शामिल रहे। पहचान पत्र, मातृत्व अवकाश, राष्ट्रीय अवकाश, निकाले गए मजदूरों की वापसी, आश्रितों को नौकरी संबंधी मांगों को तुरंत मांग लिया गया, स्थायीकरण पर नगर विकास विभाग को चिट्ठी भेजा जाएगा एवं अन्य मांगों के लिए वार्ता की तिथि 6 सितंबर को तय हुआ।

Leave a Reply