दुर्गा पूजा, दिवाली एवं छठ जैसे भव्य पर्व को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम ने शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से “सफ़ाई तो होकर रहेगी 4.0” नामक विशेष सफाई अभियान का बिगुल फूँक दिया है। रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इस बार कोई समझौता नहीं होगा और शहर की सड़कों से लेकर मोहल्लों तक, गलियों से लेकर पूजा पंडालों तक – हर कोने में स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी।


आज, रविवार को अपर प्रशासक श्री संजय कुमार के नेतृत्व में सभी अधिकारी अपने-अपने दलों के साथ फील्ड पर उतरे। अपर प्रशासक श्री संजय कुमार, उप प्रशासक श्री रविंद्र कुमार, उप प्रशासक श्री गौतम प्रसाद साहू, सभी सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, नगर अभियान प्रबंधक, ज़ोनल सुपरवाइज़र, वार्ड सुपरवाइज़र एवं स्वच्छता कॉरपोरेशन के प्रतिनिधि – सभी ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया और सफाई कार्यों की निगरानी कर तुरंत कार्रवाई करवाई। उनके द्वारा सफाई व्यवस्था का बारीकी से व्यापक रूप से निरीक्षण किया गया तथा जहाँ भी कमियाँ पाई गईं, तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान अपर प्रशासक स्वयं सड़कों पर उतरे और सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। इसके अलावा गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की गई। सार्वजनिक स्थल पर बिल्डिंग मटेरियल्स का कचरा फेंकने पर श्री अनुराग कुमार को ₹5000 का जुर्माना लगाया गया, जबकि कांके रोड स्थित श्रीराम गार्डन को भी गंदगी फैलाने के लिए जुर्माना लगाया गया।



रांची नगर निगम ने साफ संदेश दिया है कि अब शहर में गंदगी फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है बल्कि यह अनुशासन और जवाबदेही का भी प्रतीक है।
शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य को और मज़बूत बनाने के लिए निगम द्वारा स्वच्छता कॉरपोरेशन को विशेष सहयोग दिया गया है। उनके अनुरोध पर निगम की ओर से 30 ड्राइवर एवं 2 जेसीबी मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे शहर में कचरा उठाव की गति तेज हो सके और कहीं भी ढेर न लगे।



अभियान के दौरान अपर प्रशासक ने सभी अभियंताओं को पूजा पंडालों के आस-पास के संपर्क पथों की तत्काल जाँच कर उन्हें मरम्मत/सुधारने का निर्देश दिया। साथ ही स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने हेतु वार्ड-वार टीम गठित कर सभी खराब पड़ी पथ बत्तियों की सूची तैयार करने एवं शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
रांची नगर निगम का यह अभियान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है। रांची नगर निगम का यह स्पष्ट कहना है कि “इस बार दुर्गा पूजा में रांची एक स्वच्छ, प्रकाशित और अनुशासित शहर के रूप में सामने आएगा। सफाई तो होकर रहेगी – और यह संकल्प अब कर्मभूमि पर पूरी ताक़त से उतार दिया गया है।”