
रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक लग्जरी Mercedes-Benz कार सवार ने पहले एक युवक को टक्कर मारी और फिर उसे कार के बोनट पर लटकाए हुए कई किलोमीटर तक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाता रहा।
इस दौरान युवक जान बचाने के लिए बोनट से चिपका रहा।
बचाने आए सामने होमगार्ड जवानों को भी कुचलने की कोशिश की गई ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और उन्हें भी कुचलने की कोशिश की। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
आरोप है कि कार चालक युवक को अपने घर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को आरोपी के कब्जे से मुक्त कराया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पेशे से वकील है। पुलिस ने घटनास्थल से कार को भी जब्त कर लिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।