लंदन में आयोजित हुआ ‘झारखण्ड @25’ कार्यक्रम, प्रवासी युवाओं और विद्वानों की रही सक्रिय भागीदारी ।

Spread the love

लंदन/रांची | मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखण्ड के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लंदन में भव्य ‘झारखण्ड @25’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखण्ड की संघर्षपूर्ण यात्रा, अस्मिता और प्रकृति-संगत विकास की सोच को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का सशक्त प्रयास रहा।


इस ऐतिहासिक आयोजन में मरांग गोमके ओवरसीज स्कॉलरशिप योजना के अंतर्गत यूनाइटेड किंगडम की विभिन्न यूनिवर्सिटीज़ में अध्ययनरत छात्र, चेवेनिंग मरांग गोमके स्कॉलर्स, उच्च शिक्षा के बाद यूके में कार्यरत युवा, शिक्षाविद, शोधकर्ता, उद्यमी एवं झारखण्ड से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों सहित लगभग 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
भारत में संभवतः यह पहला अवसर है जब किसी राज्य सरकार ने अपने छात्रों, प्रवासी युवाओं और उद्यमियों को जोड़ने के उद्देश्य से विदेश में इस तरह का व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया हो।


“हम सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे”


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘झारखण्ड @25’ केवल बीते 25 वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह आने वाले समय में अनंत संभावनाओं की ओर अग्रसर झारखण्ड की कहानी भी कहता है। उन्होंने कहा कि झारखण्ड का विकास प्रकृति के साथ संतुलन में निहित है और राज्य अपनी जड़ों से जुड़े रहकर समावेशी एवं सतत विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखण्ड की यह विकास यात्रा मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा और बाबा दिशोम गुरुजी के दूरदर्शी विचारों से प्रेरित है, जिनके गरिमा, आत्मसम्मान और न्याय के आदर्श आज भी राज्य के भविष्य को दिशा दे रहे हैं।
संस्कृति और परंपरा की दिखी जीवंत झलक
कार्यक्रम के दौरान मरांग गोमके स्कॉलर्स और यूके में रह रहे झारखण्डवासियों द्वारा राज्य की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की गई। सादरी गीतों की गूंज से पूरा कार्यक्रम स्थल झारखण्ड की सांस्कृतिक सुगंध से भर उठा।

इस अवसर पर छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए झारखण्ड सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Leave a Reply