
रांची के सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरा यह संदेश ईमेल के जरिए भेजा गया है, जिसमें दावा किया गया है कि इस बार 14 साइनाइड बम से कोर्ट परिसर में विस्फोट किया जाएगा।
ईमेल में यह भी लिखा गया है कि जब बेगुनाह लोगों को इंसाफ नहीं मिलता, तो कोर्ट होने का क्या मतलब। इस धमकी के बाद रांची पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस की टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड तुरंत सिविल कोर्ट परिसर पहुंच गई।
इसके बाद पूरे कोर्ट परिसर में चप्पे-चप्पे की तलाशी अभियान शुरू कर दी गई। सुरक्षा को देखते हुए कुछ समय के लिए मुख्य प्रवेश द्वार को भी बंद कर दिया गया और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले 28 फरवरी को भी रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए ईमेल में आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही गई थी।
लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।