
रांची: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल के तहत अर्पिता महिला मंडल के मार्गदर्शन में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित सिलाई मशीन प्रशिक्षण कार्यक्रम इस वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण उपरांत आयोजित परीक्षा में कुल 21 महिलाओं ने सफलता प्राप्त की। सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, साथ ही उन्हें सिलाई मशीन एवं आवश्यक सिलाई किट का भी वितरण किया गया, ताकि वे प्रशिक्षण के बाद तुरंत स्वरोज़गार की दिशा में कदम बढ़ा सकें।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सीसीएल के सीएसआर विभाग एवं सृजन संस्था के सहयोग से संचालित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को व्यावसायिक कौशल से सशक्त बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल के तहत यह भी आश्वासन दिया गया कि भविष्य में प्रशिक्षित महिलाओं को कार्य के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे तथा उन्हें नियमित मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी स्थायी आजीविका विकसित कर सकें।
उल्लेखनीय है कि अर्पिता महिला मंडल बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के कल्याण के लिए निरंतर सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। मंडल की सदस्याएँ समाज सेवा के कार्यों में स्वैच्छिक योगदान के माध्यम से सहभागिता निभाते हुए सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में सतत प्रयास कर रही हैं।