नामांकन का अंतिम दिन आज, रांची मेयर पद के लिए 10 उम्मीदवार मैदान में, महिलाओं की भागीदारी मजबूत

Spread the love

नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। आज यानी 4 फरवरी को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है, ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि आज सबसे अधिक संख्या में उम्मीदवार नामांकन करेंगे।


मंगलवार को रांची समाहरणालय और बुंडू अनुमंडल कार्यालय में बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। रांची से महापौर पद के लिए अब तक कुल 10 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है। इनमें


रमा खलखो, सुनील फकीरा कच्छप, देवी दयाल मुंडा, कथरीना तिर्की, सोनू खलखो, राजेन्द्र मुंडा, सुजाता कच्छप, विनोद कुमार बड़ाईक, संजय कुमार टोप्पो और प्रवीण कच्छप शामिल हैं।


वहीं रांची नगर निगम के सभी 53 वार्डों से कुल 197 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें 118 महिलाएं शामिल हैं, जो इस बार के निकाय चुनाव में महिलाओं की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।


वार्डवार आंकड़ों की बात करें तो वार्ड संख्या 34 से सबसे अधिक 16 नामांकन दाखिल किए गए हैं, जबकि वार्ड संख्या 14 से अब तक एक भी नामांकन नहीं हुआ है।


इधर बुंडू नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 3 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं वार्ड सदस्य पद के लिए कुल 25 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है, जिनमें 12 महिलाएं शामिल हैं।


नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन को लेकर प्रशासन सतर्क है और सभी निर्वाचन कार्यालयों में सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply