रांची के टाटीसिलवे में दर्दनाक हादसा, कार भीड़ में घुसी

Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिलवे इलाके में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। टाटीसिलवे के अनगड़ा रोड पर चल रहे मेला के दौरान अचानक एक तेज रफ्तार कार भीड़ में घुस गई। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 8 से 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं।


मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल कार जमशेदपुर नंबर की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। इसके बाद कार सीधे मेला में मौजूद लोगों की भीड़ की तरफ बढ़ गई, जिससे कई लोग उसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है।


मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं कार चालक किसी तरह भीड़ से निकलकर मौके से भागने में सफल हो गया।


इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग घायलों की मदद में जुट गए।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई।

Leave a Reply