
लातेहार (झारखंड): लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस बलरामपुर से झारखंड के प्रसिद्ध लोध फॉल और एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थी। घाटी के मोड़ पर अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल महुआडांड़ और लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।