
नई दिल्ली/सिमडेगा: देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित नेशनल ट्राइबल एडवाइजरी काउंसिल की अहम बैठक में झारखंड के सिमडेगा विधायक एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूषण बाड़ा ने आदिवासी समाज के ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित देशभर से आए कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान भूषण बाड़ा ने झारखंड और विशेष रूप से सिमडेगा जिले के आदिवासी समाज की समस्याओं से सभी को अवगत कराया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने आदिवासियों के अस्तित्व और अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया। उन्होंने CNT-SPT एक्ट में छेड़छाड़, पत्थलगड़ी मामलों में कार्रवाई और पहचान से जुड़े मुद्दों को गंभीर बताते हुए इन पर ठोस कदम उठाने की मांग की।
भूषण बाड़ा ने जोर देकर कहा कि आदिवासी जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त पर सख्ती जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने आदिवासी महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, वनाधिकार पट्टा वितरण में तेजी, स्थानीय भाषाओं में शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता पर बल दिया।

रोजगार के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासी युवा आज भी पलायन को मजबूर हैं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने, फैक्ट्री स्थापना और डिजिटल शिक्षा केंद्र खोलने की मांग रखी।

खेल के क्षेत्र में सिमडेगा की पहचान को उजागर करते हुए उन्होंने इसे हॉकी हब बताते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र और एस्ट्रोटर्फ मैदान बनाने की भी मांग की।

अपने भाषण के अंत में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आदिवासी समाज केवल वोट बैंक नहीं बल्कि देश की दिशा तय करने वाली एक मजबूत शक्ति है, जो अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।
