
रांची। माननीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री, भारत सरकार, सतीश चंद्र दुबे की अध्यक्षता में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य सीसीएल के वर्तमान कार्य निष्पादन, भविष्य की योजनाओं तथा रणनीतिक प्राथमिकताओं की विस्तृत समीक्षा करना था।
इस महत्वपूर्ण बैठक में कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ पदाधिकारी, सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान मंत्री जी ने कोयला उत्पादन की प्रगति, परिचालन दक्षता, खनन सुरक्षा मानकों, पर्यावरण संरक्षण पहलों तथा चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध परियोजना क्रियान्वयन, तकनीकी नवाचार और सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

माननीय मंत्री ने सीसीएल द्वारा देश के ऊर्जा क्षेत्र में दिए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में सीसीएल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सुरक्षित, सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल खनन को प्राथमिकता देते हुए ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में भविष्य की चुनौतियों से निपटने, दीर्घकालिक रणनीति, मानव संसाधन सशक्तिकरण तथा कोयला क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने हेतु समन्वित प्रयासों पर भी बल दिया गया।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पूर्व माननीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने पलामू सांसद वी.डी. राम की उपस्थिति में राजहरा कोलियरी के नवसंचालन का उद्घाटन किया था। इस परियोजना के पुनः संचालन से पलामू क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।