रांची में LPG गैस किल्लत पर बवाल, 72 घंटे का अल्टीमेटम

Spread the love

रांची: राजधानी रांची में LPG घरेलू गैस की किल्लत को लेकर आम लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर आज 18 मार्च 2026 को हटिया रेलवे कॉलोनी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के समीप एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।


बैठक की अध्यक्षता राजद नेता कैलाश यादव ने की। इस दौरान गैस की अनियमित आपूर्ति और एजेंसियों की मनमानी पर कड़ी नाराजगी जताई गई।


बैठक में सर्वसम्मति से “रांची नागरिक परिषद” का गठन किया गया, जिसमें कैलाश यादव को संयोजक बनाया गया। परिषद ने प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में LPG गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो जनांदोलन शुरू किया जाएगा।
नागरिक परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की कालाबाजारी पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषी एजेंसियों के लाइसेंस रद्द किए जाएं। साथ ही, निर्धारित समय पर नियमित रूप से गैस सिलेंडर वितरण सुनिश्चित करने की भी मांग रखी गई।

परिषद ने यह भी निर्णय लिया कि शहर के सभी वार्डों में 15 सदस्यीय टीम बनाकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत आम लोगों को जागरूक किया जाएगा और गैस संकट के खिलाफ जनसमर्थन जुटाया जाएगा।
इसी क्रम में 19 मार्च को धुर्वा बस स्टैंड में शाम 4 बजे और जगन्नाथपुर में शाम 5 बजे बैठक आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा, यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 22 अप्रैल को रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।


बैठक में कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने गैस संकट को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं और आंदोलन को समर्थन देने की बात कही।

Leave a Reply