हजारीबाग में प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प, पथराव में पुलिसकर्मियों समेत कई घायल ।

Spread the love

हजारीबाग जिले में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतू गांव में विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पथराव किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस बल पर भी पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया गया। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि उपद्रव फैलाने वालों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply