नेमरा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और भूपेश बघेल समेत कई दिग्गज नेता, स्व. रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि

Spread the love

नेमरा, रामगढ़ | 10 अक्टूबर 2026 झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माताजी रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी लगातार उनके पैतृक गांव नेमरा पहुंच रहे हैं। शनिवार को भी कई प्रमुख हस्तियों ने रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर पहुंचकर स्व. रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। दोनों नेताओं ने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट की।

श्रद्धांजलि देने पहुंचने वालों में झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम और बादल, बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव, गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी तथा खूंटी के सांसद काली चरण मुंडा शामिल रहे।

इसके अलावा विधायक अनूप सिंह, विधायक ममता देवी, पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

झारखंड के सूचना आयुक्त शिवपुजन पाठक और तनूज खत्री समेत भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने भी नेमरा पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान सभी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की तथा दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। नेमरा स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर लगातार पहुंच रहे जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के माध्यम से शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की जा रही है।

Leave a Reply