
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची स्थित साईं नाथ विश्वविद्यालय ने कैंपस प्लेसमेंट के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों का चयन कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को 6.26 लाख रुपये सालाना का आकर्षक पैकेज दिया गया है। इस उपलब्धि से विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय प्रबंधन में खुशी का माहौल है।
इंटरव्यू के माध्यम से हुआ विद्यार्थियों का चयन
साईं नाथ विश्वविद्यालय, रांची में फ्रंटलाइन ग्लोबल सर्विसेस चैरिटेबल ट्रस्ट, नई दिल्ली की ओर से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस प्रक्रिया में बीबीए एवं बीसीए के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। साक्षात्कार के दौरान विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, समस्या-समाधान क्षमता और संप्रेषण कौशल का आकलन किया गया।
कंपनी की ओर से फाउंडर डॉ. विशाल चौधरी, चेयरपर्सन डॉ. श्वेता सिंह चौधरी, अकाउंट मैनेजर अमर नाथ शर्मा और एग्जीक्यूटिव ऑफिसर ज्योति कुमारी ने विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया।
कुलपति ने विद्यार्थियों को दी बधाई
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति मानद कर्नल प्रो. (डॉ.) एस. पी. अग्रवाल ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ-साथ विश्वविद्यालय में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक शिक्षा का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें कुशल, आत्मनिर्भर और रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए सक्षम बनाना भी है। इसके लिए विश्वविद्यालय उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण को लगातार बढ़ावा दे रहा है।
रोजगार के लिए विद्यार्थियों को किया जाता है तैयार
विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से औद्योगिक प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग, व्यक्तित्व विकास, संप्रेषण कौशल और मॉक इंटरव्यू जैसी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
प्लेसमेंट में इनका रहा महत्वपूर्ण योगदान
कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव को सफल बनाने में बीबीए विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मौपिया, बीसीए विभागाध्यक्ष प्रो. भावेश कुमार, प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर डॉ. वीरेन्द्र गोस्वामी और सहायक कुलसचिव सुबोध सिन्हा सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारियों एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विश्वविद्यालय प्रबंधन, संकाय सदस्यों और प्लेसमेंट सेल ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल करियर की कामना की।