
राँची। छठ महापर्व के पावन अवसर पर श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट, झारखंड की ओर से राँची के राजभवन के निकट स्थित हटनिया तालाब में दो दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच लगभग 2100 हनुमान चालीसा की प्रतियों का निःशुल्क वितरण किया गया। वहीं, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले करीब 50 गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

रविवार को छठ महापर्व के प्रथम अर्घ्य और सोमवार को प्रातःकालीन अर्घ्य के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। ट्रस्ट की ओर से विशेष कैनोपी लगाकर श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक हनुमान चालीसा वितरित की गई।

कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को हनुमान चालीसा भेंट की। इसके साथ ही राँची के उपायुक्त को भी हनुमान चालीसा देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।
पतरातू में बनेगा हनुमान जी और बाबा नीम करौली का भव्य मंदिर

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अपनी भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पतरातू में श्री हनुमान जी एवं परम पूज्य बाबा नीम करौली का भव्य मंदिर निर्माण ट्रस्ट का प्रमुख संकल्प है। इसके अलावा जरूरतमंदों की सेवा के उद्देश्य से अनाथालय और वृद्धाश्रम की स्थापना करने की भी योजना है।

ट्रस्ट का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ मानव सेवा, परोपकार और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है। बाबा नीम करौली के सेवा एवं करुणा के संदेश और श्री हनुमान जी की भक्ति से प्रेरित होकर संस्था लगातार धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष मनीष कुमार, उपाध्यक्ष बिश्वजीत पॉल, सचिव महेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव राजेश कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष आनंद कुमार, सह-कोषाध्यक्ष अविनाश कुमार मिश्रा, प्रवक्ता दीपेश कुमार निराला, सोशल मीडिया प्रभारी धीरेंद्र मिश्रा सहित कार्यकारिणी सदस्य आनंद कुमार चितलांगिया, अभय कुमार तिवारी, आलोक कुमार राय, जयंत प्रसाद साहू, राकेश नारायण, अश्विनी कुमार, अभय कुमार एवं संजू कुमार समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

धार्मिक आस्था के साथ मानव सेवा का संदेश देते हुए ट्रस्ट ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।