
राँची: लोकआस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट, झारखंड की ओर से विशेष धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान राँची के राजभवन के निकट स्थित हटनिया तालाब में श्रद्धालुओं के बीच 2,100 श्री हनुमान चालीसा की प्रतियाँ निःशुल्क वितरित की जाएंगी।
ट्रस्ट की ओर से यह कार्यक्रम 15 नवंबर को छठ महापर्व के प्रथम अर्घ्य और 16 नवंबर को प्रातःकालीन अर्घ्य के अवसर पर आयोजित होगा। इसके लिए हटनिया तालाब परिसर में विशेष स्टॉल लगाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक हनुमान चालीसा की प्रतियां भेंट की जाएंगी।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य छठ महापर्व के पावन अवसर पर हनुमान जी की भक्ति, राम नाम के स्मरण और सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। हनुमान चालीसा के माध्यम से श्रद्धालुओं को सेवा, साहस, समर्पण और सकारात्मक जीवन मूल्यों की प्रेरणा देने का प्रयास किया जाएगा।

ट्रस्ट का मानना है कि धार्मिक पर्व समाज में आपसी सद्भाव, एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का अवसर भी होते हैं। इसी भावना के साथ संस्था भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनसेवा के कार्य जारी रखेगी।
इस कार्यक्रम का आयोजन श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट, झारखंड की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
कार्यक्रम स्थल: हटनिया तालाब, राजभवन के निकट, राँची।
॥ जय छठी मैया ॥
॥ जय श्री हनुमान ॥