
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 (रांची-पटना मुख्य मार्ग) पर पैंकी गांव के समीप हुए इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

सरकारी नौकरी की खुशी में जा रहे थे रजरप्पा मंदिर
जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र स्थित जंघारो गांव का एक परिवार स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) से झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। परिवार के सदस्य विवेक कुमार (जो एक निजी स्कूल संचालक हैं) की पत्नी को हाल ही में सरकारी शिक्षक की नौकरी मिली थी। इसी मन्नत के पूरे होने की खुशी में पूरा परिवार (कुल 14 लोग) माता के दर्शन के लिए निकला था।
अज्ञात वाहन से टकराई स्कॉर्पियो, उड़े परखच्चे
रात करीब 1:30 बजे पैंकी गांव के पास उनकी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से पीछे से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार किसी भी व्यक्ति को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस हृदयविदारक घटना में 4 महिलाओं, 5 पुरुषों और 4 मासूम बच्चों सहित कुल 13 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रशासन मौके पर, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत और एसडीपीओ आलोक रंजन सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए शवों को कब्जे में लिया और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और उस अज्ञात वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है जिससे यह टक्कर हुई। एक साथ 13 मौतों की इस खबर से नालंदा के जंघारो गांव से लेकर रामगढ़ तक मातम पसरा हुआ है।