
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने जानकारी दी है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने श्री शांतनु मिश्रा को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन का झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति पर उन्होंने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।
पंचायतों को मजबूत बनाने पर रहेगा जोर
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में शांतनु मिश्रा की प्राथमिकता झारखंड में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करना और संगठन को जमीनी स्तर पर विस्तार देना होगा। संगठन के माध्यम से ग्राम सभाओं और पंचायतों को अधिकार संपन्न बनाने, ग्रामीण जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा लोकतंत्र की पहुंच गांवों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे जिम्मेदारी
शांतनु मिश्रा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन को पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को उठाने और पंचायतों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “सशक्त ग्राम सभा, अधिकार संपन्न पंचायत और जनभागीदारी पर आधारित लोकतंत्र ही राजीव गांधी जी के सपनों के भारत की वास्तविक नींव है।”
शांतनु मिश्रा ने विश्वास जताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से झारखंड में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही, कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के अभियान को भी नई गति मिलेगी।