
रांची। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कलकत्ता पब्लिक स्कूल (सीपीएस) के खेल मैदान में भव्य खेल आयोजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। विद्यालय के निदेशक श्री मिथिलेश कुमार मिश्र, शैक्षणिक सलाहकार श्री टी.पी. झा तथा वरिष्ठ शिक्षक श्री आर.बी. शर्मा ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इसके बाद विद्यालय की सीनियर सेकेंडरी प्रभारी श्रीमती अनुराधा चटर्जी के नेतृत्व में बिंदु कुमारी एवं रागिनी कुमारी ने छात्राओं और खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद विद्यालय के अर्थ हाउस और जुपीटर हाउस के बीच फुटबॉल फाइनल मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर अर्थ हाउस ने साइड का चयन किया। मैच का पहला हाफ बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमें 2-2 गोल की बराबरी पर रहीं।
हालांकि, दूसरे हाफ में जुपीटर हाउस के खिलाड़ियों ने शानदार चुस्ती, फुर्ती और तेज आक्रमण का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली। जुपीटर हाउस ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अर्थ हाउस को 8-3 से पराजित कर फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अर्थ हाउस की ओर से जीशान रहमान ने दो गोल और कप्तान भागीरथ ने एक गोल किया। वहीं, जुपीटर हाउस की ओर से कप्तान आयुष कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल दागे। सैफ अख्तर ने तीन और आयुष कच्छप ने एक गोल किया।

मैच के सभी 11 गोल फील्ड गोल रहे। मुकाबले में जीशान रहमान द्वारा सेंटर से सीधे गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाना सबसे रोमांचक क्षणों में से एक रहा। पेनाल्टी शॉट और कॉर्नर के मिले अवसरों को दोनों ही टीमें गोल में तब्दील नहीं कर सकीं।

फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षक श्री संतोष कुमार एवं श्री पवन मंडल ने प्रशिक्षण दिया था। मैच में रेफरी की भूमिका श्री संतोष कुमार ने निभाई, जबकि रंजीत कुमार लाइन मैन और श्री पवन मंडल स्कोरर रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक, शैक्षणिक सलाहकार, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में खेल भावना, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा दिया।