
रांची। मोरहाबादी मैदान में आज 30 अगस्त को आदिवासी एकता महाजुटान रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली में झारखंड के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए रांची की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, जबकि अलग-अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
यातायात व्यवस्था के अनुसार आज सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक रांची शहर में भारी मालवाहक वाहनों की नो एंट्री रहेगी। हालांकि भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड के रास्ते आवागमन कर सकेंगे। वहीं सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर सभी तरह के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
रैली को लेकर जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से टीओपी-03 मैदान, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़, एसएसपी आवास मोड़ से बापू वाटिका मोरहाबादी, राम मंदिर से अतिथिशाला मोरहाबादी और एटीआई मोड़ से सिद्धू-कान्हू मोड़ तक वाहनों की नो एंट्री रहेगी।
यातायात पुलिस ने रांची के लोगों से अपील की है कि आज जेल चौक, करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक और मोरहाबादी के आसपास के इलाकों में अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल न करें। लोगों से ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
रैली में शामिल होने के लिए अलग-अलग जिलों से आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए जिला और रूट के अनुसार पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं। गुमला और लोहरदगा से आने वाले वाहनों के लिए आईटीओ मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। हजारीबाग और रामगढ़ के वाहनों के लिए डीएवी गांधीनगर मैदान निर्धारित किया गया है। खूंटी से आने वाले वाहनों की पार्किंग जीईएल चर्च मैदान में होगी।
सिमडेगा, कामडारा और तोरपा से आने वाले वाहनों के लिए हरमू मैदान निर्धारित किया गया है। सरायकेला, जमशेदपुर और चाईबासा से आने वाले वाहनों की पार्किंग लोयला मैदान, पुरुलिया रोड में होगी। गढ़वा और पलामू से आने वाले वाहनों के लिए ओटीसी मैदान निर्धारित किया गया है।
हजारीबाग, रामगढ़ और बोड़ेया रिंग रोड से आने वाले वाहनों के लिए टीओआर आईओ मैदान यानी मंदिर मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं रांची के आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए विश्वविद्यालय फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी को पार्किंग स्थल बनाया गया है।
आदिवासी महाजुटान को देखते हुए आज मोरहाबादी और आसपास के इलाकों में काफी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में रांचीवासियों से अपील है कि वे जरूरी होने पर ही इन इलाकों की ओर जाएं और निर्धारित रूट व पार्किंग व्यवस्था का पालन करें।