चतरा में उद्योग लगाने की पहल तेज, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मिले विधायक जनार्दन पासवान

Spread the love

पटना/चतरा: झारखंड के चतरा जिले में औद्योगिक विकास और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में विधायक जनार्दन पासवान ने पहल की है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने पटना स्थित आवास पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात की।


इस मुलाकात के दौरान झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, पार्टी संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीतियों के साथ-साथ चतरा जिले के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा चतरा में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना का रहा। विधायक जनार्दन पासवान ने जिले की कृषि संभावनाओं, स्थानीय संसाधनों और युवाओं के लिए रोजगार की जरूरत को देखते हुए कई औद्योगिक परियोजनाओं का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा।


इन प्रस्तावों में आधुनिक डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट, कोल्ड स्टोरेज एवं वेयरहाउस, फूड टेस्टिंग लैब और फूड इरेडिएशन यूनिट की स्थापना शामिल है।

डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित होने से पशुपालक किसानों को दूध का बेहतर बाजार मिल सकेगा। वहीं, आधुनिक कोल्ड स्टोरेज की सुविधा से केला, लीची, टमाटर, प्याज समेत अन्य कृषि उत्पादों को सुरक्षित रखने और उचित कीमत पर बेचने में मदद मिलेगी।


इसके अलावा फूड टेस्टिंग लैब से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा जांच की सुविधा विकसित होगी। वहीं, फूड इरेडिएशन यूनिट के माध्यम से कृषि उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने और उनकी भंडारण अवधि बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।


विधायक जनार्दन पासवान ने इन परियोजनाओं के लिए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, तकनीकी सहयोग, वित्तीय सहायता और सब्सिडी की संभावनाओं पर भी केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।
उन्होंने कहा कि चतरा में उद्योगों की स्थापना से किसानों, पशुपालकों और स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में होने वाले पलायन को कम करने में मदद मिलेगी।

इस मुलाकात को चतरा में कृषि आधारित उद्योगों के विकास और रोजगार के नए अवसर तलाशने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। अब इन प्रस्तावों पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर जिले के लोगों की नजर रहेगी।

Leave a Reply