नाबालिग से यौन शोषण के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, दोषियों को सख्त सजा देने की बात कही—विनोद कुमार पांडेय

Spread the love

झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग बच्ची से कथित यौन शोषण के मामले को बेहद गंभीर बताया है। उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की है।
श्री पांडेय ने कहा कि नाबालिग से जुड़े ऐसे आरोपों को किसी भी स्तर पर हल्के में नहीं लिया जा सकता। जांच एजेंसियों को तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की तह तक जाना चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और पीड़िता को न्याय मिले। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषी कोई भी हो, उसके विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोरतम कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।


उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को उसके पद, राजनीतिक प्रभाव या पार्टी से जुड़े होने के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। कानून से ऊपर कोई नहीं है और नाबालिग बच्ची को न्याय दिलाना सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता होनी चाहिए।


भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश द्वारा राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री पांडेय ने कहा कि यदि पुलिस की कार्रवाई की प्रक्रिया में कोई अनियमितता हुई है, तो उसकी भी जांच होनी चाहिए। पुलिस को कानून के दायरे में रहकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। मीडिया की स्वतंत्रता और कानून के पालन—दोनों का सम्मान आवश्यक है।


श्री पांडेय ने आगे कहा कि यदि मामले में किसी प्रकार की साजिश रची गई है या राजनीतिक लाभ के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है, तो उसका भी पर्दाफाश होना चाहिए। जांच में यदि किसी व्यक्ति की साजिश में भूमिका सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।


उन्होंने कहा कि इतने गंभीर मामले को केवल राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रखा जा सकता। न तो किसी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिलना चाहिए और न ही जांच को प्रभावित करने की कोई कोशिश होनी चाहिए। सच्चाई सामने लाने का एकमात्र रास्ता निष्पक्ष जांच और कानूनसम्मत कार्रवाई है।


झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव ने सरकार से आग्रह किया कि पूरे प्रकरण की जांच पारदर्शी तरीके से कराई जाए, पीड़िता को न्याय सुनिश्चित किया जाए और यदि किसी स्तर पर कानून का उल्लंघन हुआ है, तो संबंधित लोगों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

Leave a Reply