रांची के ग्रामीण इलाकों में बढ़ती चोरी से दहशत, ग्रामीण एसपी से मिले ओम शंकर गुप्ता ।

Spread the love

रांची: जिले के ग्रामीण इलाकों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रातू, मांडर, हटिया, टिपुदाना समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आए दिन घरों और दुकानों को चोर निशाना बना रहे हैं। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के कारण ग्रामीणों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।


चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर हटिया विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता ओम शंकर गुप्ता ने ग्रामीण एसपी से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ग्रामीण इलाकों में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की।
ओम शंकर गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की गलियों और मोहल्लों में रात के समय नियमित पुलिस पेट्रोलिंग जरूरी है। इससे चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर भी प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि कुछ दिनों के अंतराल पर अलग-अलग इलाकों से चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में डर बढ़ रहा है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को संवेदनशील और चोरी प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष रात्रि गश्ती की व्यवस्था करनी चाहिए।


ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि ग्रामीण इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की जाए।

Leave a Reply