रांची में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने शुरू किया जागरूकता अभियान।

Spread the love

रांची : अफीम की अवैध खेती करने वालों पर अब प्रशासन की नजर रहेगी। रांची में अफीम की खेती पर रोक लगाने और लोगों को इसके नुकसान के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है।



बुधवार को मोरहाबादी मैदान से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये वाहन जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घूमकर लोगों को अफीम की खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जानकारी देंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफीम की अवैध खेती करना या इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। इसमें 20 वर्ष तक की सजा या आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अधिक मुनाफे के लालच में अफीम की खेती न करें और न ही किसी को इस उद्देश्य से अपनी जमीन लीज या पट्टे पर दें।

वहीं, अफीम की अवैध खेती या कारोबार से जुड़ी जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि अवैध खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त किया जाएगा और इससे अर्जित संपत्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का लक्ष्य जनभागीदारी के माध्यम से अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाना और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।

Leave a Reply