
रांची: दुर्गा पूजा को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा मानकों, विद्युत व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और साफ-सफाई का जायजा लिया। साथ ही पूजा समितियों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बकरी बाजार, चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति, ओसीसी क्लब हिंदपीढ़ी समेत रांची के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इसके अलावा वे हिनू दुर्गा पूजा समिति, बंगला दुर्गा मंडप, वैशाखी संघ दुर्गा पूजा समिति हिंदपीढ़ी, रामलला दुर्गा पूजा समिति जिला स्कूल, भारतीय युवक संघ बकरी बाजार, आरआर स्पोर्टिंग क्लब रातू रोड और कोकर दुर्गा पूजा समिति के पंडालों के उद्घाटन समारोह में भी शामिल हुए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिले।

इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने वैशाखी संघ दुर्गा पूजा समिति, हिंदपीढ़ी की महिला सदस्यों को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

उपायुक्त ने जिलेवासियों की सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना करते हुए मां दुर्गा से सभी के कल्याण की प्रार्थना की।

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर के विभिन्न पंडालों की लगातार निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत, संबंधित अधिकारी, शांति समिति के सदस्य और पूजा समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जन शिकायत के लिए संपर्क करें: रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 (अबुआ साथी)।










