
रांची: राजधानी रांची में श्री राम लला पूजा समिति की ओर से लगातार तीसरे वर्ष आयोजित भव्य दुर्गोत्सव का मां भगवती की प्रतिमा के विसर्जन के साथ समापन हो गया। इस वर्ष वाराणसी के विश्वविख्यात स्वर्वेद महामंदिर की स्थापत्य शैली पर आधारित भव्य पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन किए।
स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर सजा भव्य पूजा पंडाल
श्री राम लला पूजा समिति की ओर से इस वर्ष पूजा पंडाल को वाराणसी स्थित स्वर्वेद महामंदिर की स्थापत्य शैली पर तैयार किया गया था। लगभग 150 फीट चौड़े और 100 फीट ऊंचे प्रस्तावित प्रारूप, आकर्षक गर्भगृह और कलात्मक सजावट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भव्य संरचना और धार्मिक वातावरण ने दुर्गोत्सव को खास बना दिया।
भव्य शोभायात्रा के साथ मां भगवती को दी गई विदाई
बुधवार शाम करीब 6 बजे रांची जिला स्कूल परिसर से मां भगवती की छोटी प्रतिमा के साथ विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में ताशा पार्टी और भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकी शामिल रही। घोड़े और राजसिंहासन पर विराजमान मां की प्रतिमा ने शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाई।

शोभायात्रा जिला स्कूल परिसर से निकलकर फिरायालाल चौक, सर्जना चौक, शहीद चौक, कोतवाली और लेक रोड होते हुए बड़ा तालाब पहुंची। यहां विधि-विधान के साथ पूजन कर मां भगवती को भावपूर्ण विदाई दी गई। वहीं, मां की बड़ी प्रतिमा का पंडाल परिसर में ही जलाभिषेक कर विसर्जन किया गया।
समिति ने प्रशासन, पुलिस और मीडिया के प्रति जताया आभार
दुर्गोत्सव के सफल आयोजन के बाद श्री राम लला पूजा समिति ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, रांची नगर निगम, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्थानीय नागरिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी, महासचिव कुणाल आजमानी और कोषाध्यक्ष प्रकाश धेलिया के नेतृत्व में आयोजित इस दुर्गोत्सव को सफल बनाने में समिति के सदस्यों, स्वयंसेवकों और सहयोगकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समिति के प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत और बादल सिंह ने कहा कि मां भगवती की कृपा, प्रशासनिक सहयोग और श्रद्धालुओं की सहभागिता से तीसरे वर्ष का दुर्गोत्सव यादगार बन सका। उन्होंने कहा कि मीडिया के सकारात्मक सहयोग से आयोजन की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को व्यापक पहचान मिली।
सुख, शांति और समृद्धि की कामना
श्री राम लला पूजा समिति ने मां भगवती से झारखंड सहित समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। समिति ने कहा कि भविष्य में भी धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और जनसेवा के उद्देश्य से ऐसे आयोजन जारी रखे जाएंगे।
इस अवसर पर समिति के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे। मां भगवती की विदाई के साथ ही भव्य दुर्गोत्सव का विधिवत समापन हुआ।