
जमशेदपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में एक बार फिर जमशेदपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन किया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जमशेदपुर को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया।
दरअसल, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देशभर के 4,751 नगरीय निकायों ने हिस्सा लिया था। इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले देश के 63 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान समारोह के लिए चयनित किया गया। इस सूची में जमशेदपुर ने भी अपनी जगह बनाई और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्वच्छता व्यवस्था का लोहा मनवाया।

इस सम्मान समारोह में झारखंड की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, SUDA के निदेशक सूरज कुमार, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद और टाटा स्टील यूआईएसएल के जनरल मैनेजर रविंद्र कुमार सिंह शामिल हुए।

जमशेदपुर को यह उपलब्धि शहर में बेहतर कचरा प्रबंधन, आधुनिक तकनीक और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के कारण मिली है। शहर में घर-घर से कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रह, आधुनिक अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र और मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी के माध्यम से कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है।
इसके साथ ही आरआरआर यानी रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल केंद्रों की स्थापना और विभिन्न जागरूकता अभियानों के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

जमशेदपुर को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान शहर के सफाई कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, संस्थानों और जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल झारखंड के लिए गर्व की बात है, बल्कि देश के अन्य शहरों के लिए भी स्वच्छता और बेहतर नगर प्रबंधन की एक मिसाल है।