
झारखंड की राजनीति में इन दिनों तस्वीरों पर भारी घमासान मचा हुआ है। विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी का सोते हुए फोटो वायरल हुआ, वहीं अब पलटवार में झामुमो (JMM) नेता और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर का भी एक फोटो तेजी से वायरल हो रहा है।

आपको बता दें कि जब भाजपा विधायक की तस्वीर सामने आई थी, तब झामुमो के नेताओं और प्रवक्ताओं ने उन पर जमकर निशाना साधा था। लेकिन अब झामुमो खुद सवालों के घेरे में आ गई है।

सोशल मीडिया पर मिथिलेश ठाकुर की जो तस्वीर वायरल हो रही है, उसमें वे अपने दफ्तर में लोगों की फरियाद सुनते-सुनते सोते हुए नजर आ रहे हैं। इस फोटो में साफ देखा जा सकता है कि उनके सामने एक महिला समेत कुछ लोग बैठे हैं, जो अपनी समस्याएं लेकर उनके पास आए थे और नेता जी झपकी ले रहे हैं।

इस फोटो के सामने आते ही भाजपा ने जेएमएम को घेर लिया है। भाजपा नेताओं ने सीधा जवाब मांगते हुए कहा है कि, “कल तक जो लोग हमारे विधायक पर सवाल उठा रहे थे, वे अब बताएं कि मिथिलेश ठाकुर जनता के सामने क्यों सो गए? जो लोग अपना दुखड़ा सुनाने उनके पास आए थे, उनकी अनदेखी कर के इस तरह सोना क्या सही है?”
झारखंड में तस्वीरों पर छिड़ी इस राजनीतिक जंग में अब देखना दिलचस्प होगा कि जेएमएम इस वायरल फोटो पर क्या सफाई देती है।