
रांची: झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रांची के टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री Hemant Soren ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत 1,042 नवचयनित इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों को नियुक्ति-पत्र सौंपा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नियुक्ति प्राप्त करने वालों में 274 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य, 768 स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य तथा विज्ञान विषय के सहायक आचार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों की नियुक्ति से राज्य की शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार होगा।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अबुआ सरकार युवाओं को लगातार नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के अपने संकल्प पर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति झारखंड के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों एवं उनके परिवारजनों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।


