
रांची, 22 जुलाई 2026: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य तेजी से जारी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने जानकारी दी कि राज्य के 2 करोड़ मतदाताओं ने अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर बीएलओ को जमा कर दिया है। इन सभी फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है, जिससे इन मतदाताओं का नाम 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) में सुनिश्चित हो गया है।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, ईआरओ, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 और निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के सहयोग से एसआईआर अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चक्रधरपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र को विशेष रूप से बधाई दी, जहां इन्यूमरेशन फॉर्म के 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह राज्य का पहला विधानसभा क्षेत्र बन गया है, जहां यह लक्ष्य हासिल हुआ है।

उन्होंने राज्य के उन मतदाताओं से अपील की है जिन्होंने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है कि वे जल्द से जल्द अपना भरा हुआ फॉर्म अपने संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं। आवश्यकता पड़ने पर बीएलओ से फॉर्म भरने में भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और कोई भी मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
